यूपी के गोंडा में करनैलगंज व सरयू रेलवे स्टेशन के बीच स्थित नारायनपुर माझा रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 284 पर बृहस्पतिवार को एलपीजी गैस सिलिंडर लदा ट्रक रेलवे ट्रैक पर फंस गया। इसी बीच दोनों ओर से ट्रेनें आने का सिग्नल मिल गया। इससे मौके पर मौजूद गेटमैन और राहगीरों में अफरातफरी मच गई। गेटमैन ने तुरंत ट्रक चालक को वाहन हटाने को कहा, लेकिन चालक ने बताया कि ट्रक का टायर पंचर हो गया है। इसकी वजह से वाहन हिल नहीं पा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गेटमैन ने तत्काल इसकी सूचना करनैलगंज रेलवे स्टेशन पर दी। ट्रैक पर ट्रक फंसे होने की वजह से गोरखपुर–लखनऊ और लखनऊ–गोरखपुर रूट की चार ट्रेनें प्रभावित हुईं। दो ट्रेनें क्रॉसिंग से करीब 100 मीटर पहले तकरीबन एक घंटे तक खड़ी रहीं, जबकि दो अन्य ट्रेनें सरयू स्टेशन पर रोक दी गईं। करीब एक घंटे की मशक्कत और गेटमैन की सूझबूझ से ट्रक को ट्रैक्टर की मदद से रेलवे ट्रैक से हटाया गया। इसके बाद सभी रुकी हुई ट्रेनों को क्रमवार रिलीज किया गया।