देवीपाटन जोन के गोंडा में एयर कंडीशनर (एसी) व इंडक्शन चूल्हे ने बिजली व्यवस्था बिगाड़ दी है। सोमवार को विद्युत मांग रिकॉर्ड स्तर 895 एमवीए तक पहुंच गई। ऐसे में जगह-जगह ट्रांसफार्मर फुंक गए तो उपभोक्ताओं को समस्या समाधान के लिए चक्कर लगाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं। अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल महीने में जहां 800 एमवीए से कम विद्युत आपूर्ति की मांग दर्ज की गई है। वहीं, मई महीने में लगभग 845 एमवीए मांग दर्ज की गई थी। लेकिन सोमवार को अब तक सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। एक दिन में 895 एमवीए बिजली की खपत हुई है। यह अब तक सबसे अधिक है। उन्होंने बताया कि यह वृद्धि डीजल, पेट्रोल और गैस की किल्लत के कारण हुई है। घरों में इंडेक्शन, एयर कंडीशनर और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ा है। भीषण गर्मी में इलेक्ट्रिक उपकरणों के अधिक इस्तेमाल से बार-बार ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। केबल भी जल रही हैं, जिससे बड़े पैमाने पर फाल्ट हो रहे हैं। बड़े पैमाने पर फाल्ट होने से विद्युत आपूर्ति बहाल करने में मुश्किलें आ रही हैं। यह स्थिति विद्युत विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। आपूर्ति सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं को लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।