गोंडा में 512 इंटर कॉलेजों में सोमवार से प्री-बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत हो गई है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के करीब 95 हजार परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षाएं पूरी तरह यूपी बोर्ड के वास्तविक प्रश्नपत्रों के पैटर्न पर आयोजित की जा रही हैं। प्री-बोर्ड परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी, अतिरिक्त कक्ष निरीक्षक और अनुशासन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्री-बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षा जैसे ही रखे गए हैं। ताकि, छात्रों को बोर्ड परीक्षा का वास्तविक अनुभव मिल सके और वे अपनी तैयारियों का सही आकलन कर सकें। जीआईसी के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि प्री-बोर्ड परीक्षा का उद्देश्य छात्रों को बोर्ड परीक्षा के लिए मानसिक और शैक्षणिक रूप से तैयार करना है। सभी केंद्रों पर नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा कराई जा रही है।