यूपी के गोंडा में शनिवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन 18 केंद्रों पर हुआ। पहले दिन पहली पाली में 6192 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 1104 लोग अनुपस्थित रहे। परीक्षा के बाद केंद्रों से बाहर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार प्रश्नपत्र सरल था। शहर के टामसन इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले अम्बेडकर नगर निवासी सोमनाथ ने बताया कि गणित के प्रश्न काफी कठिन थे। हिंदी के प्रश्न इस बार सरल आए थे। करेंट अफेयर्स सामान्य रहा। बहराइच की प्रीति मिश्र ने कहा कि गणित को छोड़कर सभी विषय सामान्य रहे। अंबेडकर नगर निवासी अरविंद वर्मा ने बताया कि करीब 80 अंक मिल जाएंगे। गोंडा के अमन ने बताया कि पिछली परीक्षा के मुकाबले इस बार पेपर आसान था।