नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की महारैली में शामिल होने जा रहे गोंडा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बस रविवार को हापुड़ में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर एक डंपर ने ओवरटेक करने के दौरान बस में साइड से टक्कर मार दी। हादसे में बस का बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात रही कि बस में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, बस में कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता प्रद्युम्न शुक्ल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सगीर खां, कांग्रेस नेता एवं सिविल बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री मनोज मिश्र समेत 42 पदाधिकारी और कार्यकर्ता सवार थे। हादसे के बाद कुछ देर तक बस रोकी गई। स्थिति सामान्य होने पर सभी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।