कोविड महामारी के दौरान मार्च 2020 में बंद हुई नकहा-डालीगंज (लखनऊ) पैसेंजर ट्रेन आखिरकार छह साल बाद फिर से पटरी पर लौट आई। गोंडा में मंगलवार को केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। ट्रेन संचालन शुरू होने से गोंडा समेत आसपास के जिलों के हजारों दैनिक यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई। यह पैसेंजर ट्रेन नकहा से चलकर गोंडा, बुढ़वल और बाराबंकी जंक्शन होते हुए डालीगंज (लखनऊ) तक पहुंचेगी। लंबे समय से इस ट्रेन के संचालन की मांग की जा रही थी। ट्रेन बंद होने के बाद दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और छोटे व्यापारियों को बसों और अन्य साधनों से महंगा सफर करना पड़ रहा था। ट्रेन के दोबारा शुरू होने से अब कम किराये में लखनऊ तक सफर आसान हो सकेगा। यात्रियों का कहना है कि यह ट्रेन गरीब और मध्यमवर्गीय लोगों की “लाइफ लाइन” रही है। इससे रोजाना करीब 1700 यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। हरी झंडी दिखाने के दौरान रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ट्रेन सेवा दोबारा शुरू कराई गई है।