गोंडा में बड़े मंगलवार के अवसर पर शहर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सरकारी कार्यालयों से लेकर विभिन्न संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर हवन-पूजन, सुंदरकांड पाठ और भंडारों का आयोजन किया गया। दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के बाहर सुंदरकांड पाठ एवं हवन-पूजन का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने विधि-विधान से हवन में आहुति देकर प्रदेश व जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी लालाजी दुबे ने अपने मधुर और मनमोहक भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजन-कीर्तन के बीच पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालय परिसर में भी हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया।अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में भाग लेने के बाद प्रसाद ग्रहण किया। शहर के विभिन्न मोहल्लों, मंदिरों और संस्थानों में भी भंडारे आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।