करंडा थाना क्षेत्र के धरम्मरपुर-जमानियां पक्का पुल से शुक्रवार की दोपहर करीब बारह बजे के आस पास एक युवक के गंगा नदी में कूदने की आशंका से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर लावारिस अवस्था में बाइक, बाईक की चाभी और मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे के आसपास गंगा पुल पर एक हीरो एक्सट्रीम बाइक और मोबाइल लावारिस हालत में पड़ा मिला। हीरो एक्सट्रीम बाइक और मोबाइल को सुहवल थाना क्षेत्र निवासी विष्णु वर्मा उर्फ गोलू (18) पुत्र नंदा सेठ का बताया जा रहा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार ने बताया कि युवक के गंगा में छलांग लगाने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि युवक बेहद होनहार था और परिवार का इकलौता चिराग था। परिजन पिछले लगभग 25 वर्षों से ननिहाल में मकान बनाकर रह रहे हैं। बड़सरा चौकी प्रभारी अरुण पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक के गंगा में कूदने की आशंका है, हालांकि अभी उसकी स्पष्ट पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। एनडीआरएफ को सूचना दे दी गई है और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान जारी है। एनडीआरएफ टीम के पहुंचने की प्रतीक्षा की जा रही है।