आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में रविवार को एक महिला की तहरीर पर मुआयना करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ ग्राम प्रधान व उसके समर्थकों के बीच झड़प हो गई। मामला बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने थाने पर सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी प्रधान व उसके समर्थकों को थाने ले आई। हालांकि कुछ देर बाद स्थिति सामान्य होने पर उनको छोड़ दिया गया। बता दें कि बेलवा गांव में किसी व्यक्ति के घर भोज कार्यक्रम चल रहा था। वहीं कुछ युवकों द्वारा आपस में बातचीत कर हंसी ठहाके लगाए जा रहे थे। जहां एक महिला को नागवार लगा। महिला ने गंभीरपुर थाने में पहुंचकर प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव के कुछ युवकों द्वारा उसके साथ बदतमीजी की जा रही है। इस जानकारी पर थाने से दो सिपाही मौके पर पहुंचे। इसी बीच ग्राम प्रधान कमल सिंह भी पहुंच गए। आरोप हैं कि पुलिसकर्मियों से उलझ गए। पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना गंभीरपुर थाना प्रभारी को दिया तो अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंची। इसके बाद प्रधान व अन्य व्यक्ति को उठाकर गंभीरपुर थाने में लेकर आई। जहां बाद में थानाध्यक्ष बसंत लाल ने प्रधान को समझाकर छोड़ दिया।