गाजीपुर जिले में सरकारी और राजस्व भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 26 हेक्टेयर से अधिक भूमि कब्जामुक्त कराई। कई स्थानों पर चकरोड, पोखरे और सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी चलवाई गई। प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार तहसील कासिमाबाद में नौ राजस्व गांवों के 21 स्थानों पर, जमानिया में चार गांवों के 21 स्थानों पर तथा सदर तहसील में 13 गांवों के 21 स्थानों पर कार्रवाई की गई। इसी तरह सेवराई, सैदपुर, जखनिया और मुहम्मदाबाद तहसीलों में भी अभियान चलाकर सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाए गए। अभियान के दौरान राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कर चकरोड और सार्वजनिक उपयोग की जमीनों को खाली कराया गया। कई स्थानों पर रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कर पत्थर गड़ी और चकरोड निर्माण का कार्य भी कराया गया। वहीं पोखरों पर किए गए अवैध कब्जों को भी चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने कब्जामुक्त कराई गई भूमि संबंधित विभागों को सुपुर्द कर दी है।