शहर के लूर्दस कांवेंट बालिका इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को अमर उजाला की ओर से प्रेरणादायक कार्यक्रम नई दिशा : भविष्य की ओर पहला कदम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को परीक्षा, करियर और जीवन में सफलता से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। विद्यालय की शिक्षिका श्वेता राय ने कहा कि छात्रों का मूल्यांकन केवल अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि उनके ज्ञान और क्षमता के आधार पर होना चाहिए। परीक्षा के परिणाम जीवन का एक हिस्सा हैं, पूरी मंजिल नहीं। एक परीक्षा में असफल होने या कम अंक आने से खुद को कमतर नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता केवल परीक्षा परिणाम से तय नहीं होती। कम अंक किसी भी छात्र को जीवन में आगे बढ़ने और मेहनत के दम पर इतिहास रचने से नहीं रोक सकते। असफलता व्यक्ति की क्षमता को परिभाषित नहीं करती, बल्कि उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है। छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हर छात्र को अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र का चयन करना चाहिए और उसमें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने नियमित दिनचर्या और किताबों के अध्ययन को सफलता के लिए बेहद जरूरी बताया। कार्यक्रम में छात्रा समीक्षा और निधि यादव के करियर से जुड़े सवालों के जवाब दिए गए, जबकि शगुन सिंह, रिया केसरी और शिवांगी यादव के असफलता से जुड़े प्रश्नों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रधानाचार्या सिस्टर मेरी कुट्टी ने कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों को सही दिशा देने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहने चाहिए, ताकि विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर होकर आगे बढ़ सकें। इस दौरान शिक्षिका रीता सिंह, पूनम वर्मा, सिंधुजा, राजेश राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन डॉ. शरद कुमार वर्मा ने किया।