हिन्दू-मुस्लिम एकता के प्रतीक सैय्यद मोहम्मद जान शाह उर्फ जीन बाबा का सालाना उर्स बुधवार को पूरे अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बाबा के मजार को आकर्षक ढंग से सजाया गया और दिनभर कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शुरुआत कुरानखानी से हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में पहुंचे जायरीन ने बाबा की मजार पर ज़ियारत कर चादर और प्रसाद चढ़ाया। दोपहर एक बजे राही बाबा के नेतृत्व में सोबराती राइनी के आवास से चादर पोशी जुलूस निकाला गया, जो कव्वाली के साथ नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए नोनहरा बाजार का भ्रमण करता हुआ मजार पर पहुंचा। वहां भक्तिभाव से चादरपोशी की गई। इस दौरान कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश कर माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। राही बाबा के आवास पर देर रात तक भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के उपरांत रेवतीपुर के कव्वाल इमामुद्दीन और रसूलपुर के अमीर हसन ने खानकाही कव्वाली प्रस्तुत की, जिसे सुनकर जायरीन झूम उठे। कार्यक्रम में सय्यद आरिफ मियां धावा शरीफ़, सोबराती, दानिश दौलताबादी, कमाल चिश्ती फतेहपुरी, मौलाना मुजफ्फर हुसैन, वसीम खादिम, पप्पू भाई मोबाइल प्लस, शाहिद टेलर, कमलेश यादव, सुमित शर्मा, अजय कुमार सेठ, पिंटू शर्मा, बीरेंद्र जयसवाल, जोगिंद्र, विवेक आदि मौजूद रहे। इस दौरान थाना प्रभारी नोनहरा मय फोर्स सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। राही बाबा ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।