गाजीपुर में परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद के 61वें बलिदान दिवस पर धामूपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के साथ ही जनपद के कोने-कोने से लोग सुबह नौ बजे से ही पहुंचने लगे थे। कार्यक्रम स्थल पर आमजन, पूर्व सैनिकों और जिले के आला अधिकारियों की भारी भीड़ उमड़ी। मौके पर पहुंचा हर शख्स खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा था। पूर्व सैनिकों ने शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम का उद्घोष कर रहे थे। यह उद्घोष उनके उत्साह का परिचय दे रहा था। कार्यक्रम में हर वर्ग के लोग शामिल हुए, जिनमें युवाओं की संख्या सबसे अधिक थी। अतिथियों के आगमन का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। कार्यक्रम स्थल पर बारिश से बचाव के लिए वाटरप्रूफ पंडाल लगाया गया था।