फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी ने परखा केंद्रों का इंतजाम, VIDEO

Aman Vishwakarma Updated Thu, 21 May 2026 10:12 AM IST

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बृहस्पतिवार को होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और विद्युत आपूर्ति समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम और एसपी ने ब्लॉक रेवतीपुर स्थित नेहरू वीपी इंटर कॉलेज रेवतीपुर, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज डेढ़गांवा, तहसील जमानियां क्षेत्र के शिवपूजन इंटर कॉलेज मलसा तथा महात्मा गांधी शती स्मारक महाविद्यालय गरूवा मकसूदपुर समेत विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, प्रवेश एवं निकास द्वारों का भी निरीक्षण किया। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया गया कि अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाए और प्रतिबंधित सामग्री को किसी भी दशा में परीक्षा केंद्र में न जाने दिया जाए। जनपद में लेखपाल मुख्य परीक्षा के लिए 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 8760 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती के साथ पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें