भदोही कोतवाली क्षेत्र के बरमोहनी ब्रह्मबाबा तिराहे पर रविवार को दोपहर में हाईटेंशन तार से सटने से कपड़े के गट्ठर लदे कंटेनर के टायर में आग लग गई। अग्निशमन विभाग की टीम एवं ग्रामीणों के प्रयास से आग को समय रहते बुझा लिया गया। जिससे कपड़ा नहीं जला। चालक कंटेनर से कूदकर भाग गया। सियरहां गांव निवासी राम कुमार दूबे का कोलकाता में कारोबार है। उन्होंने वहां से कपड़े का गट्ठर लेकर लुधियाना जा रहे एक कंटेनर पर कुछ प्लाइवुड घर के लिए भेजा था। कंटेनर चालक रविवार को दोपहर ग्रामीण मार्ग पर कंटेनर लेकर जा रहा था कि बरमोहनी तिराहे पर सड़क के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार से सट गया। इससे कंटेनर के पिछले टायर ब्रष्ट होकर जलने लगे। यह देख चालक केबिन से कूदकर भाग गया। आसपास के ग्रामीणों की सूचना पर बिजली काटी गई। अग्निशमन विभाग की टीम एवं ग्रामीणों ने आग को बुझा दिया। इस घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक खलबली मची रही। पुलिस का मानना है कि कंटेनर के इंजन की केबिन अलग होती है, जिससे चालक को नुकसान नहीं पहुंचा। वह कहां का रहने वाला है पता नहीं चल पा रहा है। जेई संदीप सिंह ने बताया कि कंटेनर की ऊंचाई काफी अधिक थी। सामान भी ऊपर तक लदा था। ग्रामीण मार्गाें पर वह कंटेनर जाने लायक नहीं था।