गाजीपुर देश के विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनाव में इंडी गठबंधन को मिली जीत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को जश्न मनाया। इस दौरान नगर स्थित लंका पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। उप्र कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव डॉ. जनक कुशवाहा ने कहा कि भाजपा के मंसूबे जनता के लिए ठीक नहीं है। यदि भाजपा पूर्ण बहुमत से सत्ता में आ जाती तो संविधान का मान-मर्दन कर देती। उन्होंने कहा कि संविधान की एक-एक धारा भाजपा के दिल मे खटकती है। जम्मू- कश्मीर में चुनाव से पहले ही अप्रत्यक्ष रूप से अपनी हार मान ली है, जिस तरह से राज्यों के साथ भेदभाव करते हुए जम्मू कश्मीर में चुनी हुई सरकार के अधिकारों को कम कर उपराज्यपाल के अधिकार में बेहताशा वृद्धि किया गया है, उससे उसको आभास हो गया है कि जम्मू कश्मीर में हार रहे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि भाजपा की नफरत की राजनीति को जनता ने नकार दिया है। लोकसभा में अयोध्या में हराया और उपचुनाव में बद्रीनाथ में हराकर यह संदेश दिया की धर्म के नाम पर राजनीति नहीं हो सकती। इस मौके पर शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, पूर्व विधायक अनिल अमिताभ दुबे, रविकांत राय, राजीव कुमार सिंह, लाल साहब यादव आदि मौजूद रहे।