गाजीपुर के रेवतीपुर गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शनिवार को शिक्षा और जागरूकता रैली निकाली गई। स्कूल चलो अभियान एवं प्रवेशोत्सव के तहत विद्यालय की छात्राओं और अध्यापिकाओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर विभिन्न गलियों, मुहल्लों और प्रमुख मार्गों से होते हुए पूरे गांव का भ्रमण करती रही।छात्राओं के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर बेटी पढ़ाओ, देश बढ़ाओ, हर बच्चा स्कूल जाए जैसे नारे लिखे थे। इससे पहले रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व प्रमुख मुकेश राय एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष विनोद खरवार ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर मंजू चौहान, महेंद्र गुप्ता, मुन्ना राय, संध्या, साधना उपाध्याय आदि मौजूद रहे।