गाजीपुर जनपद में आपातकालीन पुलिस सेवा को और प्रभावी बनाने के लिए यूपी-112 की 16 नई पीआरवी गाड़ियों को शुक्रवार को पुलिस लाइन से विभिन्न थानों के लिए रवाना किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने हरी झंडी दिखाकर गाड़ियों को रवाना किया। एसपी ने बताया कि नई चार पहिया स्कॉर्पियो पीआरवी गाड़ियों के शामिल होने से जिले में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और मजबूत होगी। खासकर दूर-दराज के क्षेत्रों में आपात स्थिति में पुलिस की पहुंच पहले से अधिक तेज हो सकेगी। साथ ही प्रभावी गश्त के जरिए अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नई गाड़ियों के जुड़ने से यूपी-112 की रिस्पांस टाइम में कमी आएगी, जिससे लोगों को समय पर पुलिस सहायता मिल सकेगी। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इन वाहनों से पुलिस की कार्यक्षमता और बेहतर होगी। इस दौरान पुलिस लाइन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।