फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के अध्यापक नगर में बेखौफ बदमाशों ने लूट की एक बड़ी वारदात को सोमवार सुबह अंजाम दिया है। एक बीज व्यापारी के कर्मचारी से तमंचे के बल पर 10 लाख रुपये लूट लिए गए। घटना उस समय हुई जब कर्मचारी बैंक में कैश जमा करने जा रहा था। ऐदल सिंह का पुत्र बंटी कुमार, जो कि एक बीज व्यापारी के यहां काम करता है, दुकान से बैंक ऑफ बड़ौदा में कैश जमा करने के लिए निकला था। जैसे ही वह अध्यापक नगर के पास पहुंचा, लुटेरों ने उसे घेर लिया। पीड़ित बंटी कुमार ने बताया कि लूट की वारदात को बाइक सवार बदमाशों ने अंजाम दिया। इन लुटेरों के साथ एक लड़की भी शामिल थी। बदमाशों ने तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी देकर 10 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस लूट से व्यापारियों में रोष और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों और उनके साथ मौजूद लड़की की पहचान की जा सके। सीओ अनिवेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाया गया है। हर एंगल पर काम किया जा रहा है।