फिरोजाबाद के थाना नारखी के गांव नगला सौंठ में पारिवारिक विवाद ने रूह कंपा देने वाला रूप ले लिया। एक 22 वर्षीय युवक ने अपने सगे पिता और भाई पर सोते समय सिर में लोहे की कील ठोंकने का रोंगटे खड़े कर देने वाला आरोप लगाया है। घायल युवक जब सिर में कील गड़ी हालत में थाने पहुंचा, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी और ग्रामीण दंग रह गए। हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया है। पीड़ित सुनील (22) ने बताया कि परिवार में लंबे समय से प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार शाम वह अपने कमरे में सो रहा था, तभी उसके पिता और भाई ने उसे दबोच लिया और सिर में हथौड़े से लोहे की कील ठोंक दी। युवक ने बताया कि वह दर्द से कराहता रहा, लेकिन आरोपियों ने रहम नहीं दिखाया। घायल सुनील ने बताया कि वह खुद को छुड़ाकर मौके से भागा और नारखी थाने पहुंचा, पुलिस हरकत में आई मेडिकल के लिए भेजा।