खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने टूंडला में नकली घी के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। चूल्हावली रोड स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने रिफाइंड तेल और विभिन्न प्रकार के एसेंस से तैयार किया जा रहा संदिग्ध घी पकड़ा। मौके से करीब 5.40 लाख रुपये कीमत का 34 टीन घी जब्त कर सीज कर दिया गया है। मामले में आरोपी कारोबारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत सहायक आयुक्त (खाद्य) चंदन पांडे के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मस्जिद रोड, टूंडला निवासी विवेक गुप्ता प्रतिष्ठान पर घी निर्माण का कार्य करते मिला। जांच में टीम ने पाया कि रिफाइंड तेल और विभिन्न एसेंस का उपयोग कर घी तैयार किया जा रहा था।