फतेहपुर जिला अस्पताल में बाहर की दवाएं लिखे जाने और दलाली का खुलासा अमर उजाला ने किया था। इस खबर के गंभीर असर को देखते हुए जिलाधिकारी रविंद्र सिंह ने सीएमएस को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। आदेश मिलने के बाद मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमओ) डॉ. राजेश कुमार ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में दो बार छापा मारा। इस दौरान डिजिटल एक्सरे कक्ष और आसपास के क्षेत्रों में दो व्यक्ति पकड़े गए। पूछताछ में पता चला कि ये लोग मरीजों को दवा और ऑपरेशन के नाम पर गुमराह कर दलाली कर रहे थे। मौके पर ही कार्रवाई करते हुए सीएमएस ने एक नाबालिग को चेतावनी देकर छोड़ दिया। दूसरे व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया गया। डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि अस्पताल सेवा का स्थान है व्यापार का नहीं। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति की मौजूदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दलाली या उगाही में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।