एटा के अलीगंज में पुलिस ने अभियान चलाते हुए रोडवेज बस स्टैंड के सामने व आसपास खड़े होने वाले डग्गेमार वाहन चालकों को खदेड़ दिया। साथ ही दोबारा दिखने पर वाहन की सीज करने की चेतावनी दी है। रोडवेज बस स्टैंड के सामने और आसपास डग्गेमार वाहनों के खड़े होने से जाम की समस्या रहती थी। स्टैंड में बसों के प्रवेश करने और बाहर निकलने में परेशानी होती थी। यातायात प्रभावित होने पर लोगों को बहुत ज्याद समस्या हो रही थी। इस गंभीर समस्या को अमर उजाला ने सोमवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर के प्रकाशन के बाद हरकत में आई पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए डग्गेमार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि बस स्टैंड के सामने नगर पालिका के खाली मैदान में ऑटो और हथठेल खड़ा करने की व्यवस्था की है। दरियागंज चौराहे पर ऑटो और ई-रिक्शा के लिए स्टैंड की व्यवस्था की गई है। सभी फुटपाथ विक्रेता और ऑटो चालकों को नियमों का पालन करना होगा। अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।