एटा के अलीगंज के जसरथपुर थाना क्षेत्र के गांव ढठिंगरा में होलिका दहन स्थल के बदले जाने को लेकर हुई मारपीट में एक बुजर्ग सहित दो लोग घायल हो गए। लहूलुहान बुजुर्ग को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर गांव पहुंचकर पुलिस ने मामले की पड़ताल की, लेकिन किसी पक्ष से तहरीर न मिलने पर पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। गांव ढठिंगरा में होलिका दहन स्थल पर मकान के निर्माण होने पर इस बार होलिका दहन के स्थल को लेकर रामदास और दूसरा पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्ष होलिका दहन स्थल को लेकर अपनी प्रतिष्ठा से जोड़े हुए थे। बाद में होलिका दहन गांव के खाली मैदान में करा दिया गया। होली जलने पर बृहस्पतिवार को तड़के बुजुर्ग रामदास होली पर जौ की बाल लेकर जा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोग गाली गलौज करने लगे। विवाद के तूल पकड़ने पर कुछ लोगों ने बुजुर्ग रामदास पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर गांव पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों से वार्ता कर शांति बनाए रखने की अपील की। थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायल रामदास को मेडिकल कॉलेज भेजा। इस मारपीट में एक युवक के घायल होने की सूचना है, लेकिन किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।