एटा के जलेसर में भारतीय किसान यूनियन (भानू) के तत्वाधान में किसानों ने बुधवार को उपखंड अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन किसानों के खिलाफ कथित रूप से झूठे और मनगढ़ंत मुकदमे दर्ज किए जाने के विरोध में किया गया। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (भानू) के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने किया। पूर्वाह्न 11 बजे बड़ी संख्या में किसान और यूनियन के कार्यकर्ता एसडीओ कार्यालय पर इकट्ठा हुए। इस दौरान किसानों ने बिजली विभाग पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया और नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि बिजली विभाग जानबूझकर किसानों को परेशान कर रहा है।