एटा के अलीगंज के गांव विजैदेपुर में बुधवार को पूर्व प्रधान की वर्तमान प्रधान व समर्थकों ने लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। घटना तब हुई जब पूर्व प्रधान गांव में किसी विवाद को सुलझाने गए थे। घटना के बाद परिजन व पूर्व प्रधान के समर्थकों ने शव को थाने में रखकर करीब दो घंटे तक हंगामा किया। अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव विजैदेपुर में खूनी संघर्ष हुआ है। गांव निवासी मोहब्बत सिंह ने बताया कि पूर्व प्रधान चाचा जयसिंह (73) गांव में एक विवाद सुलझाने गए थे। उसी दौरान वहां वर्तमान प्रधान अमित कुमार भी पहुंच गए। पहले से चली आ रही चुनावी रंजिश के कारण दोनों के मध्य कहासुनी होने लगी। धीमे-धीमे मामला बढ़ने लगा और दोनों पक्षों की ओर से झगड़ा होने लगा। इसी बीच वर्तमान प्रधान अमित कुमार ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर चाचा को जमीन पर पटककर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों से पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। इतने में पूर्व प्रधान के परिजन पहुंच गए और घायल अवस्था में उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लाए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन व समर्थक शव को थाने में रखकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा करने लगे।