एटा के जलेसर तहसील क्षेत्र के नरौरा गांव में चकबंदी प्रक्रिया का विरोध करते हुए सैकड़ों किसानों ने जलेसर तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (किसान) और किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले अपर जिलाधिकारी लालता प्रसाद को एक ज्ञापन सौंपा। चकबंदी को तुरंत रोकने की मांग की। विरोध-प्रदर्शन संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर किया गया। ज्ञापन सौंपते समय किसान यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नितिन ठाकुर किसानों का नेतृत्व कर रहे थे। नरौरा के ग्राम प्रधान अशोक कुमार ने भी किसानों की ओर से चकबंदी रोकने की मांग को दोहराया। किसानों ने बताया कि वे वर्तमान चकबंदी प्रक्रिया से संतुष्ट नहीं हैं और उनका मानना है कि इसमें कई अनियमितताएं हैं, जिसके कारण उन्हें नुकसान हो रहा है। एडीएम लालता प्रसाद ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों को शांति बनाए रखने और प्रशासनिक प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की।