सुबह से ही आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। दिनभर घने बादल छाए रहे। शहर में दोपहर से शुरू हुई बूंदाबांदी रुक-रुककर रात तक होती रही। अलीगंज और जलेसर तहसील क्षेत्र में भी हल्की बरसात हुई। हवा और बारिश से किसानों को धान व बाजरा की फसलों का डर सताने लगा है। मंगलवार सुबह से ही मौसम सुहाना हो गया। हवा के साथ बादल छाए रहे। कई जगहों पर बच्चे गलियों में खेलते दिखे तो महिलाएं और बुजुर्ग खुले वातावरण में बैठकर ठंडी हवा का आनंद उठाते रहे। दोपहर से हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई जो देर रात तक जारी रही। रिमझिम बारिश से मौसम में ठंडक रही। उधर अचानक बदले मौसम ने किसान की चिंता बढ़ा दी। धान, बाजरा की फसल कर रहे किसानों को हवा व बारिश से फसल के नुकसान का डर सता रहा है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने बताया कि ऐसी बारिश नहीं हुई है कि फसलों को नुकसान हो। दो-तीन दिन बादल और बूंदाबांदी का मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है।