रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में छोटी गंडक नदी के किनारे हो रहे मिट्टी खनन के विरोध में ग्रामीण धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि नदी तट से लगातार मिट्टी निकाली जा रही है, जिससे कटान का खतरा बढ़ गया है और खेतों को नुकसान पहुंच रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में पुरुष व महिलाएं नदी किनारे एकत्र होकर खनन कार्य बंद कराने की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।