चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित साईंपुर गांव में गुटका को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दबंगों ने घर में घुसकर टाइल्स ठेकेदार बाबूलाल (40) की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। मृतक की पत्नी रानी देवी के अनुसार बाबूलाल पुणे में टाइल्स लगाने का ठेका लेने का काम करते थे। बेटी अर्चना की शादी सात मई को होनी थी, जिसकी तैयारी के लिए वह 17 अप्रैल को गांव आए थे। सोमवार रात करीब आठ बजे गांव किनारे स्थित केजीएफ ढाबा के पास किराना दुकान पर गुटका न देने को लेकर बाबूलाल और ढाबा संचालक अमन सिंह के बीच विवाद हो गया था। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि रात करीब 11 बजे अमन सिंह अपने साथियों चंद्रिका उर्फ गोलू और राकेश के साथ बाबूलाल के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से बाबूलाल के सीने पर वार कर दिया। गंभीर हालत में परिजन उन्हें सीएचसी पहाड़ी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।