चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के जफरपुर चौकी अंतर्गत खजूर गांव में रविवार देर रात बुलेट मोटरसाइकिल से आए बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने रितेश पासवान को निशाना बनाकर फायरिंग की, लेकिन गोली छत की रेलिंग में जा लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद ग्रामीणों के शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पीड़ित रितेश पासवान ने दो लोगों पर 50 हजार रुपये रंगदारी मांगने और जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। सीओ अरूण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।