डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने कहा कि 15 जून तक अगर पुरैनी पंप कैनाल का कार्य नहीं पूरा हुआ तो कार्यदायी संस्था पर एफआईआर दर्ज कराया जाएगा और उसको काली सूची में डाला जाएगा। डीएम मंगलवार को पुरैनी पंप कैनाल के साथ कुंडा कला में कटान रोकने के लिए हो रहे कार्य का निरीक्षण किया। कुंडा कला में कांट्रेक्टर के अनुपस्थित रहने पर भड़क गए और कहा कि यदि कल तक कांट्रेक्टर उपस्थित नहीं हुआ तो सुपरवाइजर पर एफआइआर कर उसे जेल भेज दिया जाए। अधिशाषी अभियंता मूसाखंड और कांट्रेक्टर को पूरी रिपोर्ट के साथ बुधवार को कैंप कार्यालय में तलब किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि कुछ स्थानों पर नहर में सिल्ट की अधिक मात्रा जमा हो गई है। इससे जल प्रवाह में बाधा उत्पन्न हो रही है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नहरों की सिल्ट सफाई कार्य में तेजी लाई जाए। कहा कि मानसून पूर्व यह कार्य हर हाल में पूरा हो जाना चाहिए, ताकि किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराया जा सके। कुंडा कला में कटान रोकने संबंधी कार्य की धीमी प्रगति पर नाराज हुए और कांट्रेक्टर के उपस्थित न रहने पर उन्होंने कठोर चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कल तक कांट्रेक्टर उपस्थित नहीं हुआ तो सुपरवाइजर पर एफआइआर कर उसे जेल भेज दिया जाए। अधिशाषी अभियंता मूसाखंड व कांट्रेक्टर को पूरी रिपोर्ट के साथ बुधवार को कैंप कार्यालय में तलब किया। कहा कि कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि प्रत्येक शाम को कार्य प्रगति की जानकारी देंगे। इस दौरान अधिशासी अभियंता बंधी प्रखंड महेंद्र कुमार, लघु डाल अंजनी स्वर्णकार, विद्युत विभाग के विपिन कुमार व कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि व किसान उपस्थित रहे।