टांडा कला क्षेत्र के किसान इन दिनों जंगली सूअरों के आतंक से त्रस्त हैं। रात के अंधेरे में जंगल से निकलकर ये जंगली जानवर किसानों के खेतों में घुस जाते हैं और आलू की तैयार हो रही फसल को खोदकर भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस बर्बादी से क्षेत्र के किसान गहरे सदमे में हैं और उन्होंने जिला प्रशासन से त्वरित समाधान की गुहार लगाई है। रमदत्तपुर गांव के किसान रामसदन मौर्य ने अपना दुख व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष बरसात के कारण आलू की बुवाई पहले ही विलंब से हुई थी। कड़ी मेहनत और लागत के बाद जब फसल अब विकसित होने के कगार पर है और आलू भूमि के अंदर निकलना शुरू हुआ है, तभी जंगली सूअर कहर बरपा रहे हैं। रामसदन मौर्य ने बताया कि रात में सूअर खेतों में आकर अपने तीखे दांतों से आलू को खोद रहे हैं। वे छोटे आलू के दानों को खा जाते हैं और पौधों को जड़ से उखाड़ फेंकते हैं, जिससे पूरी की पूरी खेती बर्बाद हो रही है।