शिकारगंज क्षेत्र के पचफेड़िया ग्राम पंचायत के सिवान में जमीन विवाद को लेकर ग्राम प्रधान समेत उनके समर्थकों पर महिलाओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि पचफेड़िया गांव स्थित ससुराल में रह रहे धरदे गांव निवासी कमलेश बिंद, उनकी पत्नी शीला देवी और जमुआ निवासी सदानंद बिंद की पत्नी रजवंती देवी का जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि बृहस्पतिवार की शाम ग्राम प्रधान राजकुमार यादव अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं से कहासुनी के बाद मारपीट की। घटना के बाद किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में प्रधान और उनके समर्थकों द्वारा महिलाओं के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ितों का आरोप है कि कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार को पीड़ित पक्ष ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। वहीं कार्रवाई में देरी को लेकर पीड़ित और ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।