चंदौली जिले में मुगलसराय थाना क्षेत्र के जलीलपुर गांव में रविवार को दो साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बच्ची का शव मोहल्ले में ही राजेश गुप्ता के घर के सामने नाली में मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाली एक किरायेदार महिला पर हत्या का आरोप लगाया है। जलीलपुर निवासी सीताराम पासवान की बेटी रैना की शादी मिर्जापुर के अदलहाटा थाना क्षेत्र के बाराडीहा निवासी भानूप्रताप से हुई है। उनकी दो वर्षीय बेटी चेतना उर्फ राधा 10 फरवरी को अपनी मां के साथ ननिहाल जलीलपुर आई थी, जहां वह मां की सहेली सुष्मिता की शादी में शामिल होने वाली थी। दोपहर में बच्ची तैयारी के दौरान खेल रही थी। इस दौरान पड़ोस की एक महिला उसे गोद में लेकर खेला रही थी। परिजनों का कहना है कि शाम करीब चार बजे जब बच्ची अचानक गायब हो गई, तो खोजबीन की गई। पूछने पर पड़ोसी महिला ने कहा कि बच्ची उसके पास नहीं है। काफी तलाश के बाद बच्ची का शव गांव में ही राजेश गुप्ता के घर के सामने नाली में पड़ा मिला, जिसे देखकर परिजन और ग्रामीण दंग रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बच्ची की मौसी निक्की ने आरोप लगाया कि सामने वाले घर में रहने वाली किरायेदार महिला ने ही बच्ची की हत्या की है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।