आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को पड़ाव से पीडीडीयू नगर तक आठ किलोमीटर की पदयात्रा की। पदयात्रा के दौरान उन्होंने बेरोजगारी को प्रदेश की सबसे गंभीर समस्या बताते हुए युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई। संजय सिंह सुबह सबसे पहले सुजाबाद वार्ड के डोमरी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। संबोधन के बाद वे पड़ाव होते हुए बहादुरपुर गांव स्थित पुलावा स्थित मजार पर पहुंचे और वहां चादर चढ़ाई। इसके बाद मंच से आम लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है—चाहे विदेश नीति हो, व्यापार हो या नौजवानों को रोजगार देने का मुद्दा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रही है, तो कम से कम 10,000 रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दे। उन्होंने पेपर लीक, लंबित भर्तियों और सरकारी नौकरियों में धांधली के मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। इसके बाद पदयात्रा सुजाबाद, बहादुरपुर, मढिया व जलीलपुर गांव होते हुए स्थानीय चौराहे पर पहुंची, जहां से दोपहर 2 बजे वे मुगलसराय की ओर रवाना हुए। पदयात्रा में दर्जनों कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान जिला अध्यक्ष अशोक सिंह, रिजवान अहमद, पंकज शर्मा, पंकज गुप्ता, अब्दुल काशिफ, अबू काशिम, सुमन देवी, अशिष विश्वकर्मा, इरफान आलम, महेंद्र चौधरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।