चहनिया विकास खंड के सोनबरसा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कमरों की भारी कमी के कारण नौनिहालों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जगह के अभाव में मजबूरीवश एक ही क्लासरूम में दो-दो कक्षाओं के बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ाया जा रहा है, जिससे न तो शिक्षक ठीक से पढ़ा पा रहे हैं और न ही बच्चे सही से ध्यान लगा पा रहे हैं। ग्राम प्रधान राधिका देवी के प्रतिनिधि आनंद सोनकर ने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व 'कायाकल्प योजना' के तहत 10 लाख रुपये की लागत से विद्यालय का जीर्णोद्धार कराया गया था। हालांकि, कायाकल्प के महज एक-दो महीने बाद ही विद्यालय के कुछ कमरों का ध्वस्तीकरण कर दिया गया, जिससे अचानक कमरों की किल्लत पैदा हो गई।