नगर में सोमवार को साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज जी का 359वां प्रकाश पर्व पूरे श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक वातावरण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब जीटी रोड एवं धर्मशाला रोड पर सिख समाज, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा चढ़दी कला कार सेवा संस्था के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रकाश पर्व के मौके पर पंजाब से पधारे रागी जत्था भाई पवनदीप सिंह कानपुरी, हजूरी रागी जत्था भाई जयपाल सिंह, गुरु घर के ज्ञानी भाई अमरजीत सिंह तथा संतोष पाठक ने अपने मधुर शब्द कीर्तन से संगतों को निहाल किया। सप्ताह भर से चल रही प्रभात फेरी का समापन भी इसी अवसर पर किया गया। सुबह से प्रारंभ हुए कार्यक्रम में दोपहर करीब 3:30 बजे तक शब्द कीर्तन व गुरबाणी कथा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इसके पश्चात देर शाम तक गुरु का अटूट लंगर चलता रहा, जिसमें सभी धर्मों के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। प्रकाश पर्व के अवसर पर मुगलसराय, चंदौली, सैयदराजा सहित आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम में सिख समाज के साथ-साथ अन्य धर्मों के लोगों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे आपसी सौहार्द और भाईचारे का सुंदर संदेश देखने को मिला।