चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढिया गांव में बृहस्पतिवार सुबह सपा की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने के मामले में देर रात 1:30 बजे 5 नामजद लोगों पर एफआईआर दर्ज किया गया। गार्गी सिंह ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में सिद्धांत जायसवाल निवासी रामनगर वाराणसी ने उन्हें धमकी दी थी कि “हम तुम्हें काट डालेंगे और आगे नहीं बढ़ने देंगे।” पीड़िता का आरोप है कि उनकी राजनीतिक छवि खराब करने और उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं इस पर सिद्धांत जायसवाल ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि अगर मैं 7 दिन पहले धमकी दिया था तो फिर उन्होंने पहले मुकदमा क्यों नहीं दर्ज कराया। सिध्दांत जयसवाल ने बताया कि मेरा उनसे कोई मुलाकात पार्टी बैठक और उसके बाद नहीं हुई थी मेरी राजनीतिक छवि दूषित करने के लिए कुछ सत्ता के लोग और कुछ वरिष्ठ नेता यह साजिश कर रहे हैं। मामला सपा नेत्री के प्रेम प्रसंग का है और उसे दूसरी तरफ मोड़ा जा रहा है।