भारत सरकार द्वारा प्रायोजित नागरिक सुरक्षा के वार्डन एवं सदस्यों के क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र के दूसरे दिन का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान नागरिक सुरक्षा के वार्डन एवं स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन और अग्निशमन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई। प्रशिक्षण के दूसरे दिन की शुरुआत नागरिक सुरक्षा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, जनपद चंदौली के वरिष्ठ सहायक उप नियंत्रक योगेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा की गई। कार्यक्रम में चीफ वार्डन राजीव गुप्ता तथा कार्यालय के वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार ने भी प्रशिक्षण के सफल संचालन में सहयोग किया। प्रथम सत्र के दूसरे दिन अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं प्रशिक्षक द्वारा अग्निशमन के उपाय, अग्नि के प्रकार और उससे बचाव से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के निरीक्षक मुन्नीलाल उपस्थित रहे और उन्होंने वार्डन एवं स्वयंसेवकों को आग से निपटने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी। अग्निशमन प्रशिक्षण के उपरांत नागरिक सुरक्षा के मास्टर ट्रेनर प्रवीण कुमार यादव, पोस्ट वार्डन तथा आशीष कुमार, सेक्टर वार्डन द्वारा विभिन्न प्रकार की गांठें, रस्सी, लैडर के उपयोग एवं बचाव कार्यों से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में उपस्थित वार्डन एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा की स्थिति में नागरिक सुरक्षा के वार्डन एवं स्वयंसेवकों को सक्षम बनाना है, ताकि वे जरूरत पड़ने पर आमजन की सहायता कर सकें।