चहनिया विकासखंड के मैनुद्दीनपुर (रमदत्तपुर) गांव में खड़ंजा सड़कों पर जंगली घास और कूड़ा-कचरे का ढेर लगा हुआ है। कई महीनों से सफाई कर्मी गांव में नहीं पहुंचे हैं, जिससे स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कूड़े से उठने वाली बदबू और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण घर के बाहर बैठना तक मुश्किल हो गया है। शाम होते ही मच्छरों की संख्या इतनी बढ़ जाती है कि लोगों का जीना दूभर हो जाता है। सरकार जहां एक ओर संचारी रोगों से बचाव के लिए सफाई अभियान और दवा छिड़काव चला रही है, वहीं इस गांव में अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि गांव में नियमित सफाई कराई जाए और दवा का छिड़काव कराया जाए, ताकि कूड़ा-कचरे और मच्छरों की समस्या से राहत मिल सके।