विकास कार्यों के मटेरियल स्टीमेट डिलीट किए जाने से नाराज बरहनी ब्लॉक के ग्राम प्रधानों और प्रधान प्रतिनिधियों ने बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय पर तालाबंदी कर जोरदार विरोध जताया। मटेरियल स्टीमेट डिलीट किए जाने से नाराज कम्हरिया, भदखरी, भुजना, सिधना,मानिकपुर सानी आदि गांवों के आक्रोशित प्रधानों ने आरोप लगाया कि बिना जानकारी दिए स्टीमेट हटाए जाने से गांव में कराए गए कार्यों के मैटेरियल का भुगतान ठप हो गया है। मटेरियल का भुगतान कैसे होगा इसे बताने वाला कोई नहीं है।प्रधानों के विरोध के चलते ब्लॉक कार्यालय में करीब दो घंटे तक कामकाज पूरी तरह ठप रहा। सूचना मिलने पर नवागत खंड विकास अधिकारी शरद चंद्र शुक्ल मौके पर पहुंचे और नाराज प्रधानों से वार्ता की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। बीडीओ के आश्वासन के बाद प्रधानों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने ब्लॉक कार्यालय का ताला खोल दिया, जिसके बाद कामकाज फिर से शुरू हो सका।इस संबंध में बीडीओ शरद चंद्र शुक्ल ने कहना है कि विकास कार्यों के स्टीमेट डिलीट किए जाने की शिकायत मिली है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।