नौगढ़ क्षेत्र के मझगावां स्वास्थ्य उपकेंद्र की स्थिति लगातार बदहाल होती जा रही है। शनिवार को उपकेंद्र पर ताला लटका मिला और कोई भी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि उपकेंद्र पर स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं। कभी कर्मचारी सुबह 11 बजे आते हैं, कभी 12 बजे और कई बार तो आते ही नहीं। इस लापरवाही के चलते मरीजों को प्राथमिक उपचार तक नहीं मिल पा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं और बच्चों को झेलनी पड़ रही है। समय पर जांच और दवाएं न मिलने से गर्भवती महिलाओं को जोखिम उठाना पड़ रहा है, वहीं बच्चों के टीकाकरण पर भी असर पड़ रहा है। सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए भी ग्रामीणों को दूर स्थित अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।