टांडा कला क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर गांव में सिंचाई के लिए स्थापित राजकीय नलकूप संख्या 141 की नाली पिछले 10 वर्षों से न बनाए जाने के कारण, आक्रोशित किसानों ने सोमवार को विरोध-प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि नाली के अभाव में उनकी खेतों की सिंचाई पूरी तरह से ठप हो जाती है। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि नलकूप स्थापना के इतने वर्षों बाद भी पक्की नाली का निर्माण नहीं हो सका है। किसान किसी तरह कच्ची नाली बनाकर काम चला रहे थे, लेकिन वर्षों से यह नाली जगह-जगह से टूटकर गहरी खाइयों में बदल गई है।