ताराजीवनपुर क्षेत्र के चैनपुरवा गांव के समीप मंगलवार की रात बढवल रजवाहा का तटबंध टूट जाने के कारण करीब 30 बीघा दलहनी, तिलहनी व गेहूं की फसल डूब कर बर्बाद हो गई। बुधवार को किसानों की सूचना पर पहुंचे सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने टूटे तटबंध की मरम्मत की। इसके बाद किसानों ने राहत की सांस ली। कटशीला से निकलकर बट्टी से आगे तक जाने वाले बड़वल रजवाहा का तटबंध चैनपुरवा गांव के समीप टूट गया। इस कारण चैनपुरवा और डेवढिल के दर्जनों किसानों की लगभग 30 बीघा दलहनी, तिलहनी व गेहूं की फसल डूबकर बर्बाद हो गई। जिन किसानों की फसल डूबी है उनमें राधेश्याम तिवारी, धीरेंद्र तिवारी, हरि मोहन तिवारी, राकेश तिवारी, सुरेंद्र तिवारी, गिरधारी बिंद, संजीव यादव, पिंटू यादव, बिहारी तिवारी, संजय तिवारी, नागेंद्र तिवारी आदि के मटर, चना, सरसों, गेहूं, तीसी, आलू आदि की फसल डूबकर बर्बाद हुई है। किसानों ने शासन-प्रशासन से बर्बाद हुई फसल के मुआवजे की मांग की है। इस संबंध में सिंचाई विभाग के जेई इंद्रबहादुर यादव ने बताया कि बढ़वल रजवाहा का तटबंध कच्चा होने के कारण टूट गया था जिसको बंधवाकर किसानों को राहत पहुंचाई गई है।