भारत सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को आईटीआई रेवसा परिसर में चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी प्रांत महेश चंद्र श्रीवास्तव, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलन और फीता काटकर किया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 17 से 20 जून तक चलेगी। उद्घाटन समारोह में अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। युवा, महिला और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं के साथ ही आधारभूत संरचना विकास, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, डिजिटल गवर्नेंस, हरित ऊर्जा, औद्योगिक विकास और आधुनिक कृषि व्यवस्था से संबंधित विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया। प्रदर्शनी में स्थापित प्रधानमंत्री के कटआउट वाले सेल्फी प्वाइंट ने विशेष आकर्षण बटोरा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने यहां उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए बी.बी. सिंह, डीसी मनरेगा आर.के. चतुर्वेदी, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी जी.पी. यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी के.के. यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आम नागरिक उपस्थित रहे।