जिले में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है। खासकर रेल परिवहन बुरी तरह प्रभावित है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीडीडीयू जंक्शन पर ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण प्लेटफार्मों पर यात्रियों की भीड़ और नाराजगी देखने को मिल रही है। पीडीडीयू जंक्शन पर मौजूद एक यात्री ने बताया, “हमें दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से बक्सर जाना है, लेकिन इस समय ट्रेन बहुत लेट चल रही है। इस देरी की वजह से आम जनता को इतनी परेशानी हो रही है कि आप इसका अंदाजा नहीं लगा सकते। इसका सबसे बड़ा कारण ट्रेनों के चलने में देरी है।” अन्य यात्रियों ने भी बताया कि कोई ट्रेन छह घंटे तो कोई ट्रेन दस घंटे तक विलंब से चल रही है। लंबे इंतजार के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ठंड और कोहरे के बीच प्लेटफार्म पर घंटों बैठना यात्रियों के लिए मुश्किल हो गया है। रेल अधिकारियों के अनुसार, घना कोहरा और कम विजिबिलिटी के चलते सुरक्षा कारणों से ट्रेनों की रफ्तार धीमी रखी जा रही है, जिससे परिचालन प्रभावित हो रहा है। मौसम सामान्य होने के बाद ही ट्रेनों के संचालन में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों की समय-समय पर सही जानकारी और बेहतर इंतजाम की मांग की है।