नियामताबाद विकास खंड के ग्राम सभा सतपोखरी में अवैध गतिविधियों, भ्रामक प्रचार और शांति व्यवस्था प्रभावित होने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान हमीदुल्लाह अंसारी ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया है कि गांव और आसपास के क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अलग-अलग नामों का प्रयोग कर ग्रामीणों के बीच भ्रामक और असत्य जानकारी फैलाई जा रही है। इससे गांव में अनावश्यक विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि भोले-भाले और अशिक्षित लोगों को गुमराह कर व्यक्तिगत लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे गरीब बुनकर वर्ग आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहा है। ग्राम प्रधान के अनुसार उन्हें इस संबंध में लगातार ग्रामीणों से शिकायतें मिल रही हैं। इसके अलावा संबंधित व्यक्ति के पास अत्यधिक संपत्ति और महंगे वाहनों की जानकारी का भी उल्लेख किया गया है। ग्राम प्रधान का कहना है कि ग्रामीणों के बीच संपत्ति के स्रोत को लेकर सवाल उठ रहे हैं और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि शिकायतों से बचने के लिए संबंधित व्यक्ति अधिकारियों को भ्रामक तथ्यों पर आधारित प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। इससे ग्राम पंचायत की छवि प्रभावित हो रही है और प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।