प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा पर कार्रवाई तेज करते हुए बलुआ थाना पुलिस ने गुरुवार देर शाम बड़ी सफलता हासिल की। ऑपरेशन ‘चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस ने 4.745 किलोग्राम प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद कर एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 7 फरवरी की रात करीब 9:10 बजे ग्राम खण्डवारी स्थित न्यू जय मां काली 99 प्लास्टिक एवं जनरल स्टोर पर छापेमारी की। मौके से रामाश्रय कुमार (32 वर्ष) पुत्र पन्नालाल कुशवाहा, निवासी रमौली, थाना बलुआ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना बलुआ पर मु.अ.सं. 33/2026, धारा 293/125/223 बीएनएस एवं 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।