बदायूं में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बुधवार को महिला थाने में दोस्त पुलिस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भाग लिया। महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिला थाना प्रभारी ज्योति सिंह ने छात्राओं से कहा कि पुलिस उनकी दोस्त है और किसी भी परेशानी में उन्हें बिना डर पुलिस से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति परेशान करता है या असुरक्षित महसूस कराता है तो तुरंत 1090 पर कॉल कर जानकारी दें। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की उपयोगिता के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि 112 का उपयोग किसी भी आपात स्थिति में किया जा सकता है, जबकि 1090 विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित की जा रही सेवा है। महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को गुड टच-बैड टच, मिशन शक्ति अभियान, साइबर सुरक्षा, साइबर स्टॉकिंग और साइबर ठगी से बचाव के तरीके भी बताए। छात्राओं को जागरूक किया गया कि सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी से करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद से महिलाओं और छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा वे किसी भी स्थिति में खुलकर अपनी बात रख सकेंगी।